स्वयं की UPSC CSE प्रभावी रणनीति कैसे बनाएं
अगर आप जानते हैं कि क्या पढ़ना है, कहां से पढ़ना है, और किस टॉपिक का कितना महत्व है पर समझ नहीं आ रहा UPSC के इतने लंबे चौड़े सिलेबस को आगे किस रणनीति से खींचना है तो आप सही जगह पर हैं।
असल में रणनीति बनती नहीं है, धीरे-धीरे निकलती है — आपकी पढ़ाई के तरीके, आपकी गलतियों और आपके अनुभवों से। शुरुआत में ज्यादातर अभ्यर्थी यही करते हैं कि एक मोटा सा प्लान बना लेते हैं: इतने महीने में GS, इतने में Optional, रोज़ इतने घंटे पढ़ाई। काग़ज़ पर यह प्लान बहुत सुंदर लगता है, लेकिन दो-तीन हफ्तों में ही बिखरने लगता है। इसका कारण यह नहीं कि आप अनुशासित नहीं हैं, बल्कि यह है कि वह प्लान आपकी वास्तविक स्थिति को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया था।
सभी विषयों और सभी पेपरों के लिए एक जैसी रणनीति कभी सफल नहीं होती। उदाहरण के लिए, जब आप GS के किसी विषय को पढ़ते हैं तो वहाँ आपका फोकस “समझ” पर होना चाहिए, लेकिन जैसे-जैसे वही टॉपिक मैंस के सवालों से जुड़ता है, आपका फोकस अपने-आप “प्रस्तुति” पर आ जाता है। यह बदलाव कोई बाहर से सिखाई हुई रणनीति नहीं करा सकती, यह केवल तब आता है जब आप पढ़ते समय लगातार यह देखते रहते हैं कि UPSC वास्तव में क्या पूछ रहा है।
धीरे-धीरे आपको यह भी समझ में आने लगता है कि किताबें पूरी पढ़ लेने से तैयारी पूरी नहीं होती। कई बार आधी किताब पढ़कर भी आप बेहतर उत्तर लिख पाते हैं, और कई बार पूरी किताब पढ़ने के बाद भी सवाल खाली लगते हैं। यहीं से रणनीति का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा निकलता है — कितना पढ़ा, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण है कि क्या उपयोग में आया। जब यह सोच आपकी पढ़ाई का हिस्सा बन जाती है, तब आप अपने-आप फालतू कंटेंट छोड़ने लगते हैं और जरूरी चीज़ों पर बार-बार लौटते हैं।
स्वयं की स्ट्रेटेजी का एक और संकेत यह होता है कि आपकी पढ़ाई समय के साथ सरल लगने लगती है, भले ही सिलेबस उतना ही बड़ा क्यों न हो। आप हर दिन यह तय करने में समय नहीं गंवाते कि आज क्या पढ़ना है। आपको यह भी साफ होने लगता है कि किन विषयों में गहराई चाहिए और किनमें केवल सीमित तैयारी ही पर्याप्त है। यह स्पष्टता किसी कोचिंग की नोट्स से नहीं आती, यह आपकी अपनी पढ़ाई के साथ चलने से आती है।
अंत में, यह समझना जरूरी है कि रणनीति कोई स्थायी चीज़ नहीं होती। जैसे-जैसे आपका स्तर बदलता है, आपकी रणनीति भी बदलती है। जो तरीका शुरुआती छह महीनों में सही लगता है, वही तरीका अगले चरण में आपकी प्रगति रोक भी सकता है। इसलिए स्वयं की स्ट्रेटेजी बनाने का अर्थ यह नहीं है कि आपने एक प्लान बना लिया और अब उसी पर अड़े रहेंगे, बल्कि इसका अर्थ यह है कि आप अपनी तैयारी को लगातार देख रहे हैं और ज़रूरत पड़ने पर उसे बदलने का साहस रखते हैं।
अपनी स्ट्रेटेजी पर चलते हुए निम्नलिखित बातों का ख्याल रखें:
- रणनीति अपनी वास्तविक स्थिति के अनुसार बनाएं, न कि आदर्श समय-सारिणी के अनुसार। जो रोज़ संभव है, वही टिकाऊ होता है।
- पढ़ाई का लक्ष्य किताबें खत्म करना नहीं, बल्कि उत्तर लिखने के लिए तैयार होना होना चाहिए।
- PYQ को केवल देखने के लिए नहीं, बल्कि अपनी तैयारी की दिशा तय करने के लिए उपयोग करें।
- हर विषय और हर पेपर के लिए एक जैसी रणनीति न अपनाएं; जहाँ ज़रूरत हो वहीं गहराई में जाएँ।
- रणनीति को समय-समय पर जाँचते रहें और जो काम न करे, उसे बदलने से हिचकिचाएँ नहीं।