पूंजी बाजार उपकरण व साधन
किसी अर्थव्यवस्था में होने वाले धन के लेन देन के बाजार को उसका वित्तीय बाजार कहते हैं। इसके दो रूप है अल्पावधिक वित्तीय बाजार (मुद्रा बाजार) तथा दीर्घावधिक वित्तीय बाजार (पूंजी बाजार)।
दीर्घावधिक (कम से कम 365 दिन और अधिक की) लेन देन वाला वित्तीय बाजार को पूंजी बाजार कहा जाता है।
पूंजी बाजार में ये दीर्घावधिक लेनदेन जिन उपकरणों या साधनों के माध्यम से होती है वे साधन निम्नलिखित है:-
शेयर या स्टॉक (Share or Stock)
कंपनी द्वारा जारी प्रतिभूति (Security) जो स्वामित्व के एक हिस्से का प्रतिनिधित्व करती है, इनका खरीददार कंपनी की संपत्ति व आय में हिस्सेदार होता है अर्थात इन्हें ब्याज नहीं लाभांश प्राप्त होता है।
- इक्विटी शेयर या साधारण शेयर (Equity Shares or Common Shares)
- मतदान अधिकार मिलता है, कंपनी का वास्तविक मालिक, पर लाभ(आय) या घाटे दोनों में हिस्सेदारी।
- वरीयता या अधिमान शेयर (Preference Shares):
मतदान अधिकार नहीं, पर केवल आय/लाभ में हिस्सेदारी, ऋण पर ब्याज की तरह लाभांश निश्चित, कंपनी डूबने पर पुनर्भुगतान इक्विटी से पहले।
- संचयी वरीयता या अधिमान शेयर (Cumulative Preference Shares)
जिनका लाभांश, यदि कंपनी द्वारा किसी विशेष वर्ष में घाटे या किसी अन्य कारण से भुगतान नहीं किया जाता है, तो जमा हो जाता है और अगले वर्ष या उसके बाद भुगतान कर दिया जाता है।
- गैर-संचयी वरीयता या अधिमान शेयर (Non-Cumulative Preference Shares):
यदि कंपनी द्वारा किसी विशेष वर्ष में घाटे या किसी अन्य कारण से भुगतान नहीं किया जाता है, तो जमा नहीं होता है और उसे छोड़ दिया जाता है।
- संचयी वरीयता या अधिमान शेयर (Cumulative Preference Shares)
ऋण उपकरण (Debt Instruments)
शेयर(shares/ equity) तथा ऋण(Debt) उपकरणों में अंतर
- ऋण उपकरण ऐसे उपकरण हैं जिनके माध्यम से जारीकर्ता निवेशकों से धन उधार लेते हैं।
- इक्विटी प्रतिभूतियों के विपरीत, ऋण उपकरणों के धारकों के पास स्वामित्व अधिकार नहीं होते हैं।
- इक्विटी से कम जोखिम है।
- ऋण उपकरण सुरक्षित या असुरक्षित हो सकते हैं। जबकि इक्विटी हमेशा असुरक्षित होती है।
1. बॉन्ड (Bonds):
- सरकारी बॉन्ड (Government Bonds) : सरकार द्वारा जारी।
- नगरपालिका बॉन्ड (Municipal Bonds): नगरपालिका द्वारा जारी।
- कॉर्पोरेट बॉन्ड (Corporate Bonds)
सरकारी बॉन्डों की तुलना में, कॉर्पोरेट बॉन्डों के द्वारा उच्च रिटर्न । दो प्रकार के कॉरपोरेट बॉन्ड:-
- परिवर्तनीय बॉन्ड (Convertible Bonds): स्टॉक विकल्प अंतर्निहित।
- गैर-परिवर्तनीय बॉन्ड (Non-Convertible Bonds)
- प्रभावी बॉन्ड (Impact Bonds):
Impact Bonds ऐसे वित्तीय अनुबंध होते हैं जहाँ निजी निवेशक किसी सामाजिक परियोजना को फंड करते हैं, और यदि वह परियोजना पूर्व निर्धारित परिणाम हासिल कर लेती है, तो सरकार या दानदाता निवेशक को लाभ सहित भुगतान करता है।
- कार्यप्रणाली :
- निजी निवेशक प्रारंभ में परियोजना को फंड करते हैं।
- सेवा प्रदाता (जैसे NGO) परियोजना को क्रियान्वित करते हैं।
- स्वतंत्र मूल्यांकनकर्ता यह तय करता है कि परियोजना ने निर्धारित लक्ष्य पूरे किए या नहीं।
- यदि लक्ष्य पूरे हुए, तो भुगतानकर्ता (सरकार या दानदाता) निवेशक को उनका पैसा एवं लाभ लौटाते हैं।
- हरित बॉन्ड (Green Bonds) :
- सामान्य बॉन्ड की तरह ही लेकिन इससे मिली पूंजी केवल पर्यावरणीय कार्य में खर्च की जा सकती है। हरित बॉन्ड के टैग से पर्यावरण प्रेमी कम ब्याज दरों के बावजूद भी निवेश कर देते हैं।
- मसाला बॉन्ड (Masala Bond):
- विदेशों से रुपए में धन जुटाना।
- भारत सरकार व RBI रुपए की बढ़ी हुई तरलता को कम करने के लिए इस बॉन्ड के जरिए विदेशों से रूपए की तरलता सोखती है।
- शून्य-कूपन बॉन्ड (Zero-Coupon Bond) :
- बॉन्ड की शब्दावली में कूपन का अर्थ है ब्याज।
- इन बॉन्ड्स में धारक को कोई ब्याज नहीं मिलता लेकिन इस बॉन्ड को डिस्काउंट पर बेचा जाता है और परिपक्वता पर पूर्ण मूल्य दिया जाता है। इसी से लाभ।
- मुद्रास्फीति सूचकांकित बॉन्ड (Inflation Indexed Bond)
- Inflation-Indexed Bonds वे ऋण पत्र हैं जिनमें मूलधन और ब्याज का भुगतान उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) या थोक मूल्य सूचकांक (WPI) के साथ लिंक होता है, जिससे निवेशक को मुद्रास्फीति के प्रभाव से सुरक्षा मिलती है।
2. डिबेंचर (Debentures)
- कंपनियों द्वारा, बॉन्ड जैसा ही बस संपार्श्विक (Collateral) नहीं, ज्यादा ब्याज, दीर्घकालिक ऋण के लिए,, पुनर्भुगतान में बॉन्ड को इससे प्राथमिकता।
- संपार्श्विक अर्थात गिरवी, जब कोई ऋण दिया जाता है तो उस ऋण के बदले कुछ गिरवी रखा जाता है जिससे अगर ऋण लेने वाला डिफॉल्ट कर जाए तो उस गिरवी वस्तु को बेचकर ऋणदाता अपना नुकसान पूरा करता है।
- बॉन्ड में कंपनी खुद गिरवी रहती है। लेकिन डेरिवेटिव ऐसे किसी गिरवी से समर्थित नहीं होता अर्थात आपसी विश्वास से निवेश किया जाता है।
डिबेंचर व बॉन्ड में अंतर
- बॉन्ड संपार्श्विक से समर्थित होता है डिबेंचर नहीं।
- बॉन्ड की तुलना में डिबेंचर को अधिक ब्याज
- बॉन्ड सुरक्षित निवेश लेकिन डिबेंचर बहुत ही रिस्की।
- दिवालिया होने पर बॉन्ड को पहले भुगतान, वहीं डिबेंचर को कई बार शेयरधारकों से भी बाद में भुगतान।
3. डेरिवेटिव या व्युत्पन्न (Derivatives)
खरीदार विक्रेता से एक पूर्व-निर्धारित तिथि को एक निर्धारित मूल्य पर अंतर्निहित परिसंपत्तियों (शेयरों, बॉन्ड, कमोडिटी, आदि) को खरीदने के लिए सहमत होता है। भविष्य में कीमत में होने वाले जोखिम और अनिश्चितताओं को कम करते हैं। कंपनी द्वारा जोखिम- बचाव उपकरणों (Risk-hedging Instruments) के रूप में उपयोग। पूर्व-समझौता मूल्य को स्ट्राइक मूल्य (Strike Price) कहा जाता है।
डेरिवेटिव के प्रकार:
- फॉरवर्ड अनुबंध (Forward Contracts)
- कारोबार आम तौर पर ओवर-द-काउंटर (OTC) होता है, अर्थात प्रत्यक्ष रूप से दो शामिल पक्षों के बीच बातचीत की जाती है, न कि किसी केंद्रीयकृत एक्सचेंज पर। अर्थात ये अनियमित (Unregulated) होते हैं।
- केवल एक बार निपटान किया जाता हैं – अनुबंध की अंतिम तिथि पर।
- उदाहरण: रमेश और सुरेश आपस में एक अनुबंध करते हैं कि रमेश 3 महीने बाद 100 ग्राम सोना ₹55,000 प्रति 10 ग्राम की दर से खरीदेगा। यदि उस समय सोने की कीमत ₹60,000 हो गई, फिर भी उसे ₹55,000 में देना होगा, या कीमत 50,000 हो गई तो रमेश को 55,000 में लेना होगा।
- वायदा या फ्यूचर अनुबंध (Future Contracts or Futures)
- फॉरवर्ड अनुबंधों के विपरीत, फ्यूचर अनुबंधों का कारोबार संगठित एक्सचेंजों पर किया जाता है। इस प्रकार, ये विनियमित (Regulated) होते हैं।
- अंतर्निहित परिसंपत्ति की कीमत में परिवर्तन का निपटान दैनिक आधार पर किया जाता है, अर्थात एक्सचेंज पर ट्रेड किया जा सकता है। तरलता अधिक।
- ऑप्शन या विकल्प (Options)
- आज के सहमत मूल्य पर अंतर्निहित परिसंपति को खरीदने या बेचने का अधिकार देता है, लेकिन बाध्यता नहीं।
- ऑप्शन धारक द्वारा अनुबंध को पूरा करने का अधिकार प्राप्त करने (लेकिन दायित्व नहीं) के लिए ऑप्शन राइटर को एक प्रीमियम मूल्य का भुगतान किया जाता है।
- कारोबार संगठित एक्सचेंजों (Organized Exchanges) के माध्यम से किया जाता है। इस प्रकार, ये विनियमित (Regulated) होते हैं।
ऑप्शन प्रकार:
- कॉल ऑप्शन (Call Option)
अंतिम तिथि से पूर्व, पूर्व-निर्धारित तिथि पर एक पूर्व-निर्धारित मूल्य पर अंतर्निहित संपत्ति (Underlying Asset) को “खरीदने (Buy)” का अधिकार देता है।
- पुट ऑप्शन (Put Option)
अंतिम तिथि से पहले, ऑप्शन धारक को एक पूर्व-निर्धारित तिथि पर एक पूर्व-निर्धारित मूल्य पर अंतर्निहित संपत्ति (Underlying Asset) को “बेचने (Sell)” का अधिकार देता है।
- स्वैप या अदला-बदली (Swaps)
- स्वैप एक वित्तीय अनुबंध होता है, जिसमें दो पक्ष आपस में भविष्य के नकदी प्रवाह (cash flows) को एक तय फॉर्मूले के अनुसार अदल-बदल (exchange) करते हैं।
- स्वैप का प्रयोग आम तौर पर ब्याज दरों और मुद्राओं के बाजार मूल्य में उतार-चढ़ाव से संबंधित जोखिमों को प्रबंधित करने के लिए किया जाता है।
- स्वैप प्रकार :
- ब्याज दर स्वैप (Interest Rate Swap)
- इसमें कंपनियां अपने ब्याज दर टाइप को आपस में बदलती है। ऐसे समझो कि दो कंपनियों ने लोन लिए हैं:
- कंपनी A ने बैंक से 10 करोड़ रुपये 10% फिक्स्ड रेट पर लोन लिया है।
- कंपनी B ने बैंक से 10 करोड़ रुपये 8% फ्लोटिंग रेट (जो हर 6 महीने में बदलती है) पर लोन लिया है।
- अब: कंपनी A को डर है कि बाजार दर कम हो जाएगी, तो वह फ्लोटिंग रेट से फायदा नहीं उठा पाएगी।
- कंपनी B को डर है कि दर बढ़ जाए, तो ब्याज ज्यादा देना पड़ेगा।
- तो दोनों कंपनियां आपस में ब्याज दरें एक्सचेंज कर लेती हैं।
- मुद्रा स्वैप (Currency Swaps):
जहां दो पक्ष विभिन्न मुद्राओं में नकदी प्रवाह का आदान-प्रदान करते हैं।
- दो कंपनियां जिनकी मुद्रा अलग होती है, वे एक-दूसरे से लोन लेकर एक-दूसरे की मुद्रा में भुगतान करती हैं।
- भारतीय कंपनी A को अमेरिका में काम करना है, उसे डॉलर चाहिए।
- अमेरिकी कंपनी B को भारत में काम करना है, उसे रुपये चाहिए।
- दोनों कंपनियां एक-दूसरे को लोन देती हैं और तय समय तक मूलधन व ब्याज भुगतान एक-दूसरे की मुद्रा में करती हैं।
- ब्याज दर स्वैप (Interest Rate Swap)
4. मुद्रा डेरिवेटिव्स ( Currency Derivatives)
मुद्रा डेरिवेटिव्स वे वित्तीय अनुबंध होते हैं जिनका मूल्य एक या एक से अधिक विदेशी मुद्राओं (Foreign Currencies) की विनिमय दर (Exchange Rate) पर आधारित होता है। इनका उपयोग मुख्यतः मुद्रा विनिमय दरों के उतार-चढ़ाव से सुरक्षा (Hedging) या मुनाफा कमाने (Speculation) के लिए किया जाता है।
इसमें यह शामिल होता है कि दो मुद्राओं का भविष्य की तिथि पर एक निर्धारित विनिमय दर पर आदान-प्रदान किया जा सकता है, भले ही विनिमय के दिन प्रचलित विनिमय दर कुछ भी हो।
5. म्यूचुअल फंड (Mutual Funds)
- म्यूचुअल फंड एक ऐसा निवेश साधन है जिसमें कई निवेशकों से पैसा एकत्र कर के एक फंड मैनेजर उसे विभिन्न शेयर, बॉन्ड, डिबेंचर, या अन्य वित्तीय संपत्तियों में लगाता है। इसका उद्देश्य है – जोखिम को विभाजित कर लाभ अर्जित करना। जब म्यूचुअल फंड लॉन्च होता है तो उसे योजना कहते हैं ये मुख्यतः 3 प्रकार की होती है
- इक्विटी फंड (Equity Funds) योजना: शेयर मार्केट में निवेश किया जाएगा।
- ऋण फंड (Debt Funds) योजना: बॉन्ड इत्यादि ऋण साधनों में निवेश किया जाएगा।
- हाइब्रिड फंड (Hybrid Funds) योजना: कुछ तय प्रतिशत में शेयर व ऋण दोनों में निवेश किया जाएगा।
6. एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF)
- एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) म्यूचुअल फंड और स्टॉक दोनों की विशेषताओं का संयोजन है।
- उदाहरण :भारत 22 ETF, गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (Gold ETF)
7. विदेशी निवेश के उपकरण (Instruments of Foreign Investments)
- डिपॉजिटरी रसीदें (Depository Receipts – DRs)
- किसी फर्म की प्रतिभूतियों को फर्म के घरेलू क्षेत्राधिकार में एक घरेलू संरक्षक (Domestic Custodian) के पास जमा किया जाता है, और विदेश में एक समान “जमापूँजी रसीद” जारी की जाती है, जिसे विदेशी निवेशक खरीद सकते हैं।
- अमेरिकी डिपॉजिटरी रसीदें (American Depository Receipts – ADRs)
- उदाहरण के लिए, यदि कोई भारतीय कंपनी अमेरिकी बाजार से धन एकत्रित करना चाहती है, तो वह अपने शेयर किसी अमेरिकी बैंक को दे देती है। उन शेयरों के बदले में, अमेरिकी बैंक भारतीय कंपनी को रसीदें प्रदान करता है। फिर कंपनी अमेरिकी शेयर बाजार में उन ADR रसीदों को प्रदान करके धन जुटाती है।
- वैश्विक डिपॉजिटरी रसीदें (Global Depository Receipts – GDRs)
- ये ADR के समान हैं, लेकिन संयुक्त राज्य के बाहर जमा बैंक द्वारा जारी किए जाते हैं।
- इन्हें विश्वभर के स्टॉक एक्सचेंजों पर विभिन्न मुद्राओं में कारोबार किया जा सकता है, जो जमा बैंक के स्थान के आधार पर निर्भर करता है।
- इन्हें विदेशी कंपनी की घरेलू मुद्रा, अमरीकी डॉलर (USD), या डिपॉजिटरी बैंक के स्थान की मुद्रा में दर्शाया जा सकता है।
- विदेशी मुद्रा परिवर्तनीय बॉन्ड (Foreign Currency Convertible Bond – FCCB)
- विशेष प्रकार का परिवर्तनीय बॉन्ड होता है, जो जारीकर्ता की घरेलू मुद्रा से अलग किसी विदेशी मुद्रा में जारी किया जाता है। परिवर्तनय अर्थात शेयर में बदलने की सुविधा।
- पार्टिसिपेटरी नोट्स (Participatory Notes – P-Notes)
- विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) या डीलर, जो SEBI के साथ पंजीकृत हैं, विदेशी स्टॉक बाजार में निवेश करने के इच्छुक ऐसे विदेशी निवेशकों को P-Notes जारी करते हैं जो SEBI के साथ रजिस्टर्ड नहीं है।